गरियाबंद : वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व और ओडिशा के खरियार वनमंडल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के पालम गांव में दबिश देकर टीम ने एक जिंदा पैंगोलिन को तस्करों के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, पैंगोलिन को 9 अगस्त से पकड़कर रखा गया था और आरोपी उसके लिए खरीदार की तलाश कर रहे थे। इसे छिपाने के लिए सिंचाई योजना से जुड़े एक शासकीय भवन के स्टार्टर रूम को कथित तौर पर सेफ हाउस के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद एंटी पोचिंग टीम और खरियार वन विभाग की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की और पैंगोलिन को बरामद कर लिया।
कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों—गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र के रोशन ठाकुर और ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के बालकृष्ण हाती तथा सोनू हाती—को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वन विभाग के अनुसार, मुख्य शिकारी और कुछ बिचौलिये अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पैंगोलिन को खरियार रोड स्थित पशु चिकित्सक की निगरानी में रखा गया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
