महतारी वंदन योजना बनी हूंगी के जीवन का संबल संकट के समय परिवार के जीवनयापन का मिला आधार

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित ‘महतारी वंदन योजना’ प्रदेश की महिलाओं के जीवन में आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। यह योजना विशेष रूप से दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों की महिलाओं के लिए संबल साबित हो रही है।

सुकमा जिले के ग्राम पंचायत बंडा के आश्रित ग्राम उसकेवाया की निवासी श्रीमती हूंगी माड़वी इसका जीवंत उदाहरण हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच जीवनयापन कर रही हूंगी के लिए यह योजना किसी सहारे से कम नहीं है।

श्रीमती हूंगी माड़वी बताती हैं कि हर माह प्राप्त होने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि से उनकी आर्थिक चिंताएं काफी हद तक कम हुई हैं। इस राशि से वे अपने बच्चों के लिए पौष्टिक आहार की व्यवस्था कर पा रही हैं, साथ ही दैनिक जरूरतों की पूर्ति भी आसानी से हो रही है। मजदूरी के साथ इस सहायता ने उनके परिवार को स्थिरता प्रदान की है।

उन्होंने बताया कि अब छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती। योजना से मिले इस आत्मविश्वास ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

दूरस्थ और पहुंचविहीन क्षेत्र में रहने वाली श्रीमती हूंगी का जीवन लंबे समय से संघर्षपूर्ण रहा है। ऐसे समय में ‘महतारी वंदन योजना’ ने उनके परिवार को सहारा दिया और आर्थिक संकट से उबरने में मदद की।

यह योजना न केवल श्रीमती हूंगी माड़वी को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि उनके बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित कर रही है। आज वे अपने गांव में स्वावलंबन और आत्मसम्मान की मिसाल बन चुकी हैं।

योजना का व्यापक प्रभाव

‘महतारी वंदन योजना’ के तहत प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। मार्च 2024 में प्रारंभ इस योजना के अंतर्गत अब तक 27 किस्तों में कुल 17,523 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जिससे लाखों महिलाओं को सीधे लाभान्वित किया गया है।

इस प्रकार ‘महतारी वंदन योजना’ प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में स्थापित हो रही है, जो हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *