पुलिस को मिली बड़ी सफलता : 14 साल पहले लापता हुई बालिका का मिला सुराग, ग्रेटर नोएडा से किया गया बरामद

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 2012 में लापता हुई 14 वर्षीय बालिका को पुलिस ने 14 साल बाद सकुशल खोज निकाला है। भखारा थाना पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और विभिन्न माध्यमों की मदद से महिला की तलाश करते हुए उसे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से दस्तयाब किया। 23 नवंबर को पुलिस टीम महिला को धमतरी लेकर पहुंची।

मट्ठा लेने निकली पर नहीं लौटी वापस

दरअसल, धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलिडीह से वर्ष 2012 में एक 14 वर्षीय बालिका लापता हो गई थी। परिजनों के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2012 को बालिका मट्ठा लेने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई, लेकिन लंबे समय तक बालिका का कोई सुराग नहीं मिल पाया। समय के साथ बालिका ने अपना नाम और पहचान बदल ली थी, जिससे उसकी तलाश और भी चुनौतीपूर्ण हो गई थी।

भखारा पुलिस ने किया तकनीकी संसाधनों का स्तेमाल

इधर, धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में पुराने गुमशुदगी के मामलों की लगातार समीक्षा और पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान भखारा पुलिस ने तकनीकी संसाधनों, सोशल मीडिया और NATGRID सहित अन्य उपलब्ध माध्यमों से तलाश तेज की।

ग्रेटर नोएडा से किया गया दस्तयाब

तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि लापता बालिका अब ग्रेटर नोएडा के क्षेत्र में रह रही है। इसके बाद पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और 23 नवंबर को महिला को सकुशल दस्तयाब कर धमतरी लेकर आई।

लोगों को शेयर करें