पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में 5 लाख का ईनामी नक्सली ढेर

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायपुर| दंतेवाड़ा जिले में हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में जवानों ने 5 लाख रुपए के एक इनामी नक्सली  को ढेर किया है। मारे गए नक्सली शव को लेकर डीआरजी जवान जिला मुख्यालय पहुंचे। मृत नक्सली की पहचान कोसा माड़वी के रूप में हुई है। यह नक्सलियों की कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य (एसीएम) के रूप में सक्रिय था। दंतेवाड़ा जिले के अलग-अलग थानों में करीब 20 से ज्यादा नामजद अपराध दर्ज थे।

जानकारी के मुताबिक दंतेवाड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि कटेकल्याण थाना क्षेत्र के एटेपाल और जोयकोड़ता के जंगल में भारी संख्या में हथियार बंद नक्सली मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर डीआरजी के जवानों को मौके पर रवाना किया गया था। जवान जब एटेपाल की पहाड़ी पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद नक्सलियों ने जवानों को देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी एक नक्सली कोसा माड़वी को ढेर कर दिया। जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का सहारा लेकर भाग निकले।

करीब 45 मिनट तक चली मुठभेड़ के बंद होने के बाद इलाके की सर्चिंग की गई। मौके से एक नक्सली के शव समेत 12 बोर कट्टा, जिंदा कारतूस, कॉर्डेक्स वायर, टिफिन बम, फटाका समेत भारी मात्रा में दैनिक उपयोग के सामान बरामद किए गए हैं। दंतेवाड़ा के एसपी  सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि एनकाउंटर में ढेर माओवादी मैलावाड़ा आई ईडी  ब्लास्ट की घटना में शामिल था। इस घटना में 7 जवानों की शहादत हुई थी। इसके अलावा कई बड़े वारदातों में शामिल रहा है।

अब तक 9  नक्सली ढेर : दंतेवाड़ा के एसपी  ने बताया कि, पिछले कुछ महीनों में जिले में 10 से ज्यादा मुठभेड़ हुई है। इनमें 41 लाख रुपए के 9 माओवादियों को ढेर कर दिया गया है। मारे गए माओवादियों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें 7 माओवादी एसीएम यानी एरिया कमेटी मेंबर और 2 अन्य हैं। एसीएम पर 5-5 लाख और अन्य 2 माओवादियों पर 3-3 लाख का इनाम घोषित था। पुलिस इसे इस साल की बड़ी कामयाबी मान रही है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *