संविधान दिवस पर ही चली गई संविधान की आवाज, छत्तीसगढ़ ने खोया अपना माटी पुत्र, पूर्व महाधिवक्ता कनक दादा के निधन से बिलासपुर और छत्तीसगढ़ को अपूरणीय क्षति

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता आदरणीय श्री कनक तिवारी जी के देहांत का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उनके जाने से बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ को बड़ी क्षति हुई है।विधि जगत ने आज एक विद्वान, निर्भीक, स्पष्टवादी और सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता को खो दिया। श्री कनक तिवारी जी केवल एक अधिवक्ता ही नहीं थे, वे एक विचारक, लेखक, गांधीवादी चिंतक और संविधान के सजग प्रहरी थे।

छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता, संविधान विशेषज्ञ, गांधीवादी चिंतक और साहित्यकार कनक तिवारी के निधन से प्रदेश के विधि, साहित्य और वैचारिक जगत में शोक की लहर है।

आदिवासी ही नहीं, हर वर्ग की आवाज उठाते थे कनक दादा

आदिवासियों के मौलिक मुद्दों पर वे हमेशा बेबाक विचार रखते थे, लेकिन उनकी आवाज सिर्फ आदिवासियों तक सीमित नहीं थी। वे गरीब, मजदूर, किसान, दलित, पिछड़ा, आदिवासी, महिला हो या आम नागरिक, हर वर्ग के हक और न्याय की आवाज उठाते थे।संवैधानिक मुद्दों पर उनसे सलाह ली जाती थी और वे बड़ी आत्मीयता से संवैधानिक जानकारियां उपलब्ध कराते थे। उनका जाना व्यक्तिगत क्षति है।संविधान दिवस के दिन उनका निधन विशेष रूप से पीड़ादायी है।

संविधान, लोकतंत्र और गांधीवादी मूल्यों के प्रति आजीवन समर्पित रहे कनक तिवारी का जाना छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है।कनक तिवारी केवल एक विद्वान अधिवक्ता नहीं थे, बल्कि निर्भीक, स्पष्टवादी और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले व्यक्तित्व थे। कानून की गहरी समझ के साथ लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों पर उनकी बेबाक आवाज उन्हें विशिष्ट पहचान देती थी।

उनका जीवन, उनकी वकालत और उनके विचार सदैव  सभी अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।

ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

लोगों को शेयर करें