पुलिस ने दो गाँजा तस्करों को दबोचा, ओडिशा से दिल्ली जा रही थी गांजे की खेप, लाखों का माल जब्त

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

धमतरी। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत सिहावा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्लेटी रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल में दो व्यक्ति ओडिशा की ओर से गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस ने रतावा फॉरेस्ट नाका के सामने मेन रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया।

तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग और सफारी बैग के अंदर सेलोटेप से पैक किया हुआ 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के साथ रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया है। कार्रवाई में कुल 11 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका बरामद हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहतेशाम (27 वर्ष) निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, तुषार कश्यप (23 वर्ष) निवासी दिल्ली दोनों आरोपियों के खिलाफ सिहावा थाने में नारकोटिक एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था। नशे के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *