रायपुर : अवैध डीजल-पेट्रोल के काले कारोबार रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इतना ही नहीं पुलिस की टीम ने करीब 14000 लीटर ईंधन भी जब्त किया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि कान्हा ढाबा के पीछे ईपी रोलिंग मिल के पास भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण कर उसकी रीसेलिंग और कटिंग का कारोबार चल रहा है. जानकारी हाथ लगते ही पुलिस की टीम ने छापेमारी कर दी.
14000 लीटर ईंधन भी जब्त
इस मामले में थाना कबीर नगर पुलिस ने दबिश देकर 14,100 लीटर अवैध ईंधन, एक टैंकर, नकदी और अन्य उपकरण जब्त किए हैं साथा ही ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया, उमेश साव, रामजी यादव और धर्मेंद्र साव को गिरफ्तार किया है. जब्त सामग्री की कुल कीमत 35 लाख 45 हजार 770 रुपये बताई जा रही है.
आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के कर रहे थे भंडारण
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक विशेष टीम गठित की गई थी. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस और दस्तावेज के ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण कर रहे थे. यहां पर सुरक्षा मानको को नजर अंदाज करते हुए काफी मात्रा में ईंधन का भंडारण किया गया था.
पुलिस ने गहराई से जांच की तो…
पुलिस ने जब इस मामले की गहराई से जांच की तो पता चला कि ये आरोपी गिरफ्तार आरोपी पूर्व में थाना उरला और आमानाका क्षेत्र में भी इसी प्रकार के अवैध तेल कारोबार में पकड़े जा चुके हैं. इनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज किए जा चुके है.
