करोड़ों की ज्वेलरी लूट में इस्तेमाल हुई चोरी की कार, पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को दबोचा

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

जांजगीर-चांपा  : जिले के अकलतरा थाना पुलिस को अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अमलीपाली से चोरी हुई इक्को कार को बरामद करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रार्थी दुष्यंत, निवासी अमलीपाली की इक्को कार क्रमांक CG 13 N 0999 को 16-17 फरवरी की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने चोरी कर लिया था। थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि चोरी की यही कार बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध में उपयोग की गई थी। आरोपियों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स में सोना-चांदी और नगदी की करोड़ों की लूट को अंजाम दिया था।

वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने अंबिकापुर से एक मोटरसाइकिल और अमलीपाली से इक्को कार चोरी की थी। घटना के बाद वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे, जिन्हें बिलासपुर पुलिस ने जप्त किया।

बिलासपुर पुलिस की सूचना पर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में घेराबंदी कर आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। तकनीकी जांच में इंजन और चेसिस नंबर का मिलान हुआ, जिसके बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *