खेत में मिला लापता महिला का सड़ा-गला शव, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के मारौद गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने खेत में एक महिला का सड़ा-गला शव पड़े देखा। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कुरूद थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतका की पहचान भैंसबोड़ निवासी पर्वत बाई साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला पिछले चार दिनों से लापता थी। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी बीच मंगलवार को मारौद गांव के खेत में शव मिलने की सूचना सामने आई।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव काफी हद तक सड़ चुका था। शव की स्थिति को देखते हुए मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका मानसिक रूप से विक्षिप्त बताई जा रही है। हालांकि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि महिला के आखिरी बार देखे जाने और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

कुरूद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण भी महिला की मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *