बिलासपुर : जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक सड़क के बीच अचानक आग की लपटों में घिर गया. पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है. वीडियो में युवक पहले पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल खरीदता दिखता है, फिर बाइक से कुछ दूरी तय कर सड़क किनारे रुकता है और कुछ ही पलों बाद आग की लपटों में घिर जाता है। वह बुरी तरह जल झुलस गया है. वहीं उसने पुलिस को दिए बयान में यह बताया कि बुलेट में शार्ट सर्किट के चलते आग लगी, जबकि सीसीटीवी फुटेज में ऐसा कुछ नजर नहीं आ रहा है.
बीच सड़क पर जलता रहा युवक, लोग दौड़े बचाने
घटना गुरुवार 17 अप्रैल की दोपहर ग्राम पौशरी की बताई जा रही है. युवक की पहचान मनजीत जायसवाल (28) के रूप में हुई है. वह गिधौरी के पेट्रोल पंप में जाकर डिब्बे में पेट्रोल खरीदा और उसके बाद वह अपनी बाइक (बुलेट) से कुछ दूर गया, जहां अचानक आग लग गई और वह चीखते हुए सड़क पर दौड़ने लगा. आग से घिरा युवक कुछ दूरी तक भागा और फिर जमीन पर लोटने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर आग बुझाई और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी.
80 प्रतिशत झुलसा, हालत गंभीर
युवक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, हालत गंभीर होने पर बिलासपुर के बर्न और ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुका है.
सीसीटीवी ने बढ़ाया सस्पेंस
अब तक सामने आए सीसीटीवी फुटेज में युवक पेट्रोल खरीदकर ले जाता दिख रहा है, लेकिन आग कैसे लगी, यह साफ नहीं दिख रहा. फुटेज धुंधला है और काफी दूर के कैमरे का है। फिर भी यह आशंका जताई जा रही कि उसने खुद आग लगाई है.
बयान में बताया हादसा, लेकिन वीडियो में कुछ और…
घायल युवक ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि, बाइक में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लगी और पेट्रोल डिब्बा भी चपेट में आ गया, लेकिन सीसीटीवी में शॉर्ट सर्किट जैसा कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिखे हैं. चर्चा है कि युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाई है. पुलिस हर कड़ी की जांच कर रही है. पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान लेने शुरू कर दिए हैं, सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है. आत्मदाह, हादसा और अन्य कारणों के अलावा सभी पहलुओं पर पुलिस की जांच जारी है.
