‘फोन नहीं उठा रहे थे..’, बंद कमरे में मिले पति-पत्नी, हत्या की आशंका से पुलिस कर रही जांच

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

लोरमी: लोरमी क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में बंद मकान से पति-पत्नी की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई है. दोनों के बेटे बिलासपुर से पिछले चार दिनों से लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने पर उन्होंने पड़ोसियों से घर जाकर जानकारी लेने को कहा. मकान के बाहर ताला लगा था और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी. अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और हत्या की आशंका जताई.

पुलिस ने क्या बताया ?

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को मोहन पिता नंदकुमार कश्यप ने थाने में सूचना दी कि ग्राम नवलपुर स्थित उनके पैतृक मकान में उनके पिता नंदकुमार कश्यप (52) और मां गौरी कश्यप (50) रहते थे. मकान के बाहर ताला लगा हुआ था और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव पुलिस टीम, साइबर सेल और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे.

पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो एक खाट पर नंदकुमार और दूसरी खाट पर गौरी की सड़ी-गली अवस्था में लाश मिली. शवों की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए. दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

परिजनों ने दोनों की हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स, बिलासपुर भेजा गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

प्रथम दृष्टया हत्या का मामला

एसडीओपी माधुरी धिरही ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में मातम का माहौल है.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *