दो तालाबों से मिले दो शव, महिला और युवक की लाश मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

बिलासपुर/कटघोरा : छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग जगहों पर शव मिलने से हड़कंप मच गया। बिलासपुर जिले में मुरूम खदान के तालाब में एक महिला की लाश मिली, जबकि कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में नवकोनिया तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ पाया गया। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल दोनों मामलों में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस जांच में जुटी है।

बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र के पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव पानी में तैरता हुआ मिला। शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दूसरी घटना कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र की है। मुख्य मार्ग पर स्थित नवकोनिया तालाब में मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। राहगीरों की नजर शव पर पड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव से दुर्गंध आने के कारण पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की मौत करीब दो से तीन दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

जांच के दौरान घटनास्थल के पास से एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में भी मिली है। पुलिस को आशंका है कि यह बाइक मृतक की हो सकती है। फिलहाल पुलिस बाइक और शव के बीच संबंध की भी जांच कर रही है।

पाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए मृतक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के गांवों में व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए मृतक की जानकारी प्रसारित की जा रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में मुनादी कराई जा रही है और जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों को भी मृतक के संबंध में सूचना दी गई है, ताकि जल्द से जल्द उसकी पहचान हो सके।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान होने के बाद उसके संबंध में कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। इससे उसकी मौत की परिस्थितियों और संभावित कारणों की जांच को भी दिशा मिलेगी। फिलहाल पुलिस शव की पहचान करने के साथ-साथ घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोनों मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *