आधी रात छात्रावास में घुसा जहरीला सांप, सो रही 6 छात्राओं को डसा, 3 छात्राओं की मौत, मचा हड़कंप

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

कांकेर / पखांजूर : आधी रात का सन्नाटा… छात्रावास में गहरी नींद में सो रही छात्राएं… और तभी मौत बनकर एक जहरीला सांप अंदर घुस आया। किसी को कुछ समझ आता, उससे पहले सांप ने एक के बाद एक 6 छात्राओं को डस लिया। अचानक चीख-पुकार मची और पूरे छात्रावास में अफरा-तफरी फैल गई।

दर्दनाक घटना छत्तीसगढ़ सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के धनोरा तहसील स्थित जपटलाई शासकीय कन्या छात्रावास की है। बताया जा रहा है कि रात में छात्राएं छात्रावास में सो रही थीं, इसी दौरान जहरीला सांप परिसर के अंदर पहुंच गया और सो रही छात्राओं को अपना शिकार बना लिया।

सांप के डसने की जानकारी मिलते ही छात्रावास में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी 6 छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालात बेहद गंभीर थे।

इलाज के दौरान 3 छात्राओं ने तोड़ा दम

इलाज के दौरान 3 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं का गढ़चिरौली अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

दर्दनाक हादसे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जहरीला सांप छात्रावास के अंदर कैसे पहुंचा? छात्रावास में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और घटना के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन क्या कदम उठा रहा है, इन तमाम सवालों के जवाब का इंतजार है। प्रशासनिक स्तर पर भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *