त्रिस्तरीय पंचायतों के आम और उप चुनाव के लिए मतदान शुरु, ईवीएम और बैलेट बॉक्स के जरिए डाले जा रहे वोट

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

रायपुर : छत्तीसगढ़ में सोमवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप चुनाव तथा नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही देखने को मिल रही है.

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नगरीय निकायों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से और त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव बैलेट बॉक्स के माध्यम से कराया जा रहा है.

बलौदाबाजार में मतदान शुरू

त्रिस्तरीय पंचायत उप-निर्वाचन 2026 के तहत सरपंच और पंच के रिक्त पदों को भरने के लिए सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. लोकतंत्र के इस उत्सव में ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.

धमतरी में वोटिंग सेंटर पर लोगों की भारी भीड़

त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के लिए मतदान शुरू हो चुका है. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की भारी भीड़ लाइन में खड़ी है. लोग बारी बारी से अपने वोट डाल रहे हैं. मतदान शाम 3 बजे तक चलेगा. जिले के 2 सरपंच और 20 पंच पदों के लिए मतदान जारी है.

सूरजपुर के शिवनंदनपुर में पहली बार वोट डाले जा रहे वोट

नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में चुनाव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. नगर पंचायत के अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए मतदान अब से थोड़ी देर बाद शुरू होगा. मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.

पलारी नगर पंचायत में डाले जा रहे वोट

बालोद के नवनिर्मित नगर पंचायत पलारी में ‘नगर पालिका आम निर्वाचन 2026’ के तहत सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरु हो गई है. शाम 5 बजे तक मतदान होगा. पलारी के इतिहास में यह पहला मौका है जब नगर पंचायत के सभी 15 मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान अधिकारी क्रमांक 1, 2 और 3 के पदों पर केवल महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है.

कवर्धा के नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में मतदान शुरू

कबीरधाम जिले की नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव का मतदान शुरू हो चुका है. अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस – भाजपा समेत 6 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे.

पंच और सरपंच पदों पर इतने प्रत्याशी मैदान में

त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत पंच पद के लिए कुल 1136 पद निर्धारित थे, जिनमें 385 पदों पर कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ और 4 पदों पर नामांकन निरस्त किए गए. 640 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है, जबकि शेष 107 पदों पर मतदान कराया जा रहा है, जिनके लिए कुल 246 उम्मीदवार मैदान में हैं.

सरपंच पद के लिए कुल 82 पदों में से 30 पदों पर नामांकन प्राप्त नहीं हुए तथा 3 नामांकन निरस्त हुए. 15 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है और शेष 34 पदों पर मतदान हो रहा है. कुल 105 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं. इसी प्रकार जनपद सदस्य के 10 पदों पर सभी स्थानों पर सविरोध निर्वाचन होगा तथा इन पदों के लिए कुल 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. नगरीय निकाय निर्वाचन के अंतर्गत पार्षद पद के कुल 71 स्थानों पर मतदान कराया जा रहा है. इन पदों के लिए कुल 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *