चोरी के मामले में पूछताछ के दौरान महिला फरार, तीन पुलिसकर्मियों को एसपी ने किया सस्पेंड

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

बालोद : पुलिस हिरासत से चोरी के मामले में पूछताछ के लिए लाई गई महिला के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच में पुलिस अभिरक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, बालोद शहर के नयापारा क्षेत्र में करीब दो लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने रेखा सोरी को हिरासत में लिया था। रेखा सोरी मूल रूप से कलकसा-मालीघोरी की रहने वाली है, जबकि वर्तमान में वह नयापारा में रह रही थी। शनिवार को पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने लेकर आई थी और पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था।

पुलिस को चकमा देकर हिरासत से हुई फरार

रविवार दोपहर पूछताछ के दौरान रेखा सोरी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल जिलेभर में अलर्ट जारी किया गया और उसकी तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को रवाना किया गया।

तीन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

मामले की विभागीय जांच में ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक शिवराम ध्रुव, आरक्षक उमेश निषाद और महिला आरक्षक पूर्णिमा ठाकुर की लापरवाही सामने आई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।

फरार महिला की तलाश में जुटी पुलिस

रेखा सोरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सतर्क कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार महिला को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *