सक्ती : जिले में शुक्रवार को एक 25 वर्षीय युवती की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात जोंगरा गांव की है, जहां सुबह करीब 11 बजे बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक पहुंचे. दोनों ने अपने चेहरे सफेद गमछे से ढक रखे थे और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी.
इनमें से एक युवक घर के भीतर गया, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा. उसने परिवार के लोगों से पूर्णिमा चौहान के बारे में पूछताछ की. जैसे ही पूर्णिमा बाहर आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं और साथी के साथ मौके से फरार हो गया.
गोली की आवाज से बाहर आए परिजन
गोलियां पूर्णिमा के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी. गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे तो उन्होंने उसे खून से लथपथ हालत में देखा. सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
निजी कंपनी में सेल्स का काम करती थी युवती
जानकारी के मुताबिक पूर्णिमा पिछले चार वर्षों से पंजाब की एक निजी कंपनी में सेल्स का काम कर रही थी. उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो साल से अपने मायके में रह रही थी.
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
