महादेव सट्टा केस : दिल्ली के कैटरर-बिल्डर पर ईडी रेड, शाही शादी से जुड़े तार खंगाले जा रहे

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी कि ईडी की टीम अब दिल्ली पहुंच गई है. टीम ने दिल्ली के एक कैटरर-बिल्डर के ठिकानों पर छापा मारा है. बताया जा रहा है कि इस कारोबारी का कनेक्शन सौरभ चंद्राकर की शाही शादी से जुड़ा हुआ है. शादी में हुए भारी खर्च और उसके स्रोत को लेकर जांच एजेंसी कई अहम सुराग जुटा रही है.

शाही शादी पर एजेंसी का शक

सूत्रों की मानें तो, सौरभ चंद्राकर की शादी में करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे. शादी का आयोजन भव्य तरीके से हुआ था, जिसमें देश विदेश के मेहमान जुटे थे. ईडी का मानना है कि,शादी के आयोजन में सट्टे से कमाई गई रकम का इस्तेमाल हुआ. इसी कड़ी में दिल्ली के कैटरर और बिल्डर की भूमिका की जांच की जा रही है, जिसने शादी के आयोजन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं को संभाला था. जांच में पिता-बेटे की 9 कंपनियां भी रडार पर आ गई हैं.

मुंबई की म्यूजिक इंडस्ट्री पर शक

वहीं, प्रवर्तन निदेशालय यानी कि ED की जांच में एक चर्चित नाम सामने आया है, वकील हिमांशु शेखर का. बताया जा रहा है कि वह एक म्यूजिक कंपनी के सह-संस्थापक हैं. आरोप है कि उन्होंने एक मामले को निपटाने के लिए सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये लिए थे. यह रकम किस काम के बदले दी गई और इसका इस्तेमाल कहां हुआ, इस पर ईडी बारीकी से पड़ताल कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, हिमांशु शेखर वर्ष 2023 में सौरभ चंद्राकर के संपर्क में आए थे.इसके बाद दोनों के बीच कई बार बातचीत और लेन-देन होने की जानकारी जांच एजेंसी को मिली है. वहीं, ईडी इस समय सौरभ चंद्राकर से पूछताछ कर रही है और इस लेन-देन के हर पहलू को खंगाल रही है. इसी को देखते हुए एजेंसी को यह भी लग रहा है कि, रायपुर और बिलासपुर में सट्टे से कमाई गई रकम को अलग-अलग कारोबार में निवेश किया गया है.

लोगों को शेयर करें