गरियाबंद : मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल में पुलिस ने नक्सली फंड से जुड़े मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आत्मसमर्पित महिला नक्सली कैडर और गरियाबंद जिले का एक नवआरक्षक शामिल है। पुलिस के मुताबिक, उनके पास मौजूद काले बैग में रखे टिफिन से 500-500 रुपये के नोटों में कुल 21 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार, 31 अक्टूबर को राजाडेरा के पहाड़ी क्षेत्र में तीन संदिग्ध लोगों के घूमने की सूचना मिली थी। इसके बाद जिले की स्पेशल टीम मौके के लिए रवाना हुई। पहाड़ी के नीचे जंगल में दो महिलाएं और एक पुरुष काला बैग लेकर आते दिखाई दिए। टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान नकदी मिली।
गिरफ्तार लोगों में दो महिलाएं सुकमा की निवासी
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सिंगे उर्फ रोशनी और बुदरी मुचाकी उर्फ सोनी के रूप में हुई है। दोनों सुकमा जिले की रहने वाली हैं और पहले आत्मसमर्पण कर चुकी हैं। तीसरे आरोपी की पहचान गरियाबंद जिले में पदस्थ नवआरक्षक नोहर मरकाम के रूप में की गई है।
बीएनएस और यूएपीए के तहत मामला दर्ज
पुलिस का आरोप है कि माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई इस रकम को अवैध रूप से निकाला गया था। अवैध वसूली की राशि को दोबारा प्रतिबंधित नक्सली गतिविधियों में इस्तेमाल करने के लिए आपराधिक साजिश रचने का भी आरोप लगाया गया है। तीनों के खिलाफ मैनपुर थाने में अपराध क्रमांक 136/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और यूएपीए की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
