ट्रक ड्राइवर पति पंजाब से लाता था हेरोइन, पत्नी करती थी अवैध कारोबार, दोनों गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

भिलाई  : कैंप क्षेत्र में हेरोइन (चिट्टा) का अवैध कारोबार करने वाले एक दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित पति ट्रक ड्राइवर है और वो जब भी पंजाब जाता था, वहां से हेरोइन लेकर आता था। वो अपनी पत्नी के अलावा रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में भी हेरोइन खपाता था। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ने छापामार कार्रवाई की और आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।

पत्रकार वार्ता में मामले की जानकारी देते हुए एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रेम नगर कैंप-1 वार्ड 20 निवासी आरोपित नूतन सिंह और उसके पति दलबीर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित नूतन सिंह अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठकर हेरोइन बेचती थी।

मुखबिर से इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम को वहां रवाना किया गया और आरोपित महिला और उसके पति को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि दलबीर सिंह, नूतन सिंह का दूसरा पति है। पहले पति घनश्याम सिंह को छोड़कर उसने दलबीर सिंह से शादी की थी। दलबीर सिंह लाइन ट्रक ड्राइवर है। वो पंजाब से हेरोइन की खेप लेकर यहां आता था और अलग अलग कोचिया को देता था।

उसकी पत्नी भी हेरोइन की कोचिया के रूप में अपने घर से ही इसका अवैध कारोबार करती थी। आरोपितों के पास से 147.860 ग्राम हेरोइन, इलेक्ट्रानिक तराजू और दो मोबाइल जब्त किया गया है। जिसकी कीमत करीब सात लाख रुपये आकी गई है। इसके साथ ही आरोपितों के पास से हेरोइन बिक्री की राशि 45 हजार 720 रुपये भी जब्त किया गया है। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

लोगों को शेयर करें