रायपुर : राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी विनय कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज था।
पुलिस के अनुसार, मामला 07 मई 2026 का है, जब बीरगांव स्थित प्रगति चौक के पास पुष्पा साहू के घर के बाहर एक संदिग्ध काला बैग मिला था। जांच के दौरान बैग से बम जैसी वस्तुएं, तार, बैटरी और एक एयर पिस्टल बरामद हुई थी। इसके बाद बम डिस्पोजल स्क्वाड और बैलिस्टिक विशेषज्ञों की मदद से सभी सामग्री को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था।
जांच में सामने आया कि बैग में 3 बम जैसे बोतलनुमा उपकरण, वायरिंग सिस्टम, बैटरी, LED आधारित IED मैकेनिज्म, मोबाइल चिप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री शामिल थी। मौके से एयर पिस्टल और कपड़े भी बरामद किए गए थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 332/2026 धारा 4, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार तलाश के बाद आरोपी को भनपुरी रिंग रोड नंबर-2 क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
आत्महत्या करना चाहता था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या की नीयत से विस्फोटक सामग्री तैयार करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत अन्य सामग्री भी जब्त कर ली है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
