कांकेर : जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर सरोना में विद्युत लाइन बिछाने के रखी गई तार की चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वही मामले के मास्टर माइंड की तलाश अभी भी जारी है, आरोपियों ने चोरी के तार को मुख्य आरोपी के घर के दीवार में चुनवा दिया था, जब एक आरोपी पकड़ में आया तो उसकी निशानदेही में चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है लेकिन मुख्य आरोपी शब्बीर अभी भी फरार बताया जा रहा है।
दरअसल विद्युत लाइन निर्माण कार्य के लिए मालगांव एवं बरकई के मध्य सड़क किनारे एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार ठेकेदार के द्वारा रखा गया था, जब अगले दिन कर्मचारी काम के लिए पहुंचे तो तार गायब था जिसके बाद सरोना थाना में मामले की शिकायत दर्ज करवाई गई थी, पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपी शुभम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया ।
आरोपी ने अपना गुनाह कबूल करते पुलिस को बताया कि कांकेर निवासी शब्बीर के साथ उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और सामान को शब्बीर के घर में सीढ़ी के नीचे दीवार बनाकर छुपा दिया है। जिसके बाद पुलिस ने शब्बीर के घर में दबिश देकर चोरी का सामान बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत करीब साढ़े 3 लाख बताई जा रही है, वही घटना का मुख्य आरोपी शब्बीर अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
